खम्हारपाली में नया ट्रांसफार्मर लगा, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
सरायपाली। ग्राम खम्हारपाली के ग्रामीण बीते एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब होने की वजह से अंधेरे में रहने को मजबूर थे। इस दौरान उन्हें बिजली से जुड़ी भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद से नए ट्रांसफार्मर की मांग की थी।
विधायक के प्रयासों से गांव में नया ट्रांसफार्मर लग जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय तक बिजली बाधित रहने के कारण किसान सिंचाई व्यवस्था को लेकर परेशान थे। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी और पीने के पानी की भी समस्या सामने आ रही थी।
ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक चातुरी नंद ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। प्राथमिकता के आधार पर ट्रांसफार्मर की स्थापना कराई गई।
ग्राम खम्हारपाली के सरपंच सामरू सिदार ने बताया कि “गांव में बिजली बंद की समस्या को लेकर हमने विधायक से भेंट की थी और जल्द ट्रांसफार्मर लगाने का निवेदन किया था। विधायक की पहल से अब समस्या दूर हो गई है।”



