सरायपाली(जीतयादव)।शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला पाटसेन्द्री में बच्चों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया। यह नेवता भोज संदीप कुमार भोई द्वारा अपनी बेटी साक्षी भोई के जन्मदिन के शुभ अवसर पर कराया गया। छत्तीसगढ़ में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए ‘नेवता भोज’ की परंपरा भी शुरू की गई है, जिसके तहत विभिन्न अवसरों पर समाज के लोग स्कूल के बच्चों को विशेष भोजन कराते हैं।
संदीप कुमार भोई ने बेटी साक्षी भोई के जन्मदिन पर स्कूल के बच्चों को नेवता भोज कराया।
इस अवसर पर स्कूल के बच्चों को पूड़ी, सब्जी, केला, मिक्चर और जलेबी का स्वादिष्ट भोजन परोसा गया। बच्चों ने खुशी-खुशी भोजन किया और साक्षी भोई को जन्मदिन की बधाई दी। विद्यालय का माहौल उत्साह और खुशी से भर गया, जहां बच्चों ने मिलकर इस खास मौके को यादगार बना दिया।
![]()
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधान पाठक चन्द्रभानु पटेल ने साक्षी भोई को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की।

शिक्षकों ने कहा कि नेवता भोज जैसे आयोजन बच्चों में आपसी सहयोग, खुशी और सामुदायिक भावना को बढ़ावा देते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों को न केवल स्वादिष्ट भोजन मिलता है, बल्कि समाज के लोगों का स्नेह और प्रोत्साहन भी मिलता है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।




