सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला पाटसेन्द्री में नेवता भोज का आयोजन प्रधानमंत्री शक्ति पोषण योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया। यह कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान तथा विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

नेवता भोज बच्चों के लिए प्रेम और पोषण से भरा सामूहिक भोजन का आयोजन हैं।
नेवता भोज का आयोजन विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका सविता पटेल द्वारा अपने पुत्र हिमांश पटेल के चौथे जन्मदिन के अवसर पर किया गया। इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला पाटसेन्द्री के विद्यार्थियों को प्रेमपूर्वक आमंत्रित कर उन्हें स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया गया। बच्चों के लिए पुड़ी, सब्जी, केला और चॉकलेट की व्यवस्था की गई, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

भोजन के साथ-साथ हिमांश पटेल द्वारा सभी बच्चों को एक-एक पेन भी वितरित किया गया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। बच्चों ने सामूहिक रूप से जन्मदिन का आनंद लिया और इस पहल की सराहना की। विद्यालय के प्रधान पाठक चंद्रभानु पटेल ने जन्मदिन के अवसर पर हिमांश पटेल को आशीर्वाद देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नेवता भोज जैसे आयोजन न केवल बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उनमें आपसी सद्भाव, सहभागिता और सामाजिक संस्कारों का भी विकास करते हैं। शिक्षिका सविता पटेल की इस पहल की विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम से बच्चों में खुशी और विद्यालय के प्रति सकारात्मक वातावरण बना, जो शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को भी सशक्त करता है।



