सरायपाली(जीतयादव)।शासकीय प्राथमिक शाला बिजातीपाली में पी एम पोषण योजना के तहत एक नेवता भोज का आयोजन किया गया। शासन के निर्देशानुसार तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, बीआरसीसी देवानंद नायक और संकुल समन्वयक घनश्याम दास के मार्गदर्शन में बनिता मसीह द्वारा विद्यालय में “नेवता भोज” का आयोजन किया गया।
पीएम पोषण योजना के तहत बिजातीपाली स्कूल में नेवता भोज आयोजित।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करना और विद्यालय को परिवार जैसा वातावरण प्रदान करना रहा। बनिता मसीह ने अपने बचपन की यादों को साझा करते हुए विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्नेहपूर्वक समोसा, बड़ा और केला वितरित किया। बच्चों ने बड़े उत्साह और खुशी के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उल्लास और अपनापन का माहौल देखने को मिला।

विद्यालय की प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नेवता भोज जैसे कार्यक्रम शाला और समुदाय के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाते हैं। इससे बच्चों में भावनात्मक विकास होता है और विद्यालय के प्रति लगाव मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता और सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम में शिक्षक निर्मल कुमार मेहेर, रसोइया सुहावन बाई, कमला बाई, पुतली चौहान, संजुला चौहान, नीला मानिकपुरी, सुशीला चौहान तथा स्वीपर श्रवण कुमार सागर की उपस्थिति रही। सभी ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।नेवता भोज के इस आयोजन ने विद्यालय में सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।




