बीजापुर | छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर के पास बीजापुर जिले के अन्नाराम और मरीमल्ला के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस एनकाउंटर में 3 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। जवानों ने इलाके को घेर लिया है और दोनों ओर से लगातार फायरिंग हो रही है।
सूत्रों के मुताबिक, यह मुठभेड़ नक्सलियों की मद्देड एरिया कमेटी से हो रही है। सुरक्षाबलों ने मौके से बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सल सामग्री बरामद की है। फिलहाल जंगल में सर्च ऑपरेशन चल रहा है और इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है। पुलिस की ओर से नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है, लेकिन फोर्स को भारी सफलता मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में बस्तर में नक्सल संगठन के कई बड़े नेताओं के मारे जाने के बाद फोर्स पूरी तरह एक्टिव मोड पर है। अब बस्तर के 50 चुनिंदा गांवों से नक्सलियों की पकड़ खत्म करने की व्यापक रणनीति पर काम किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत बीजापुर जिले से की गई है।
इसके लिए नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा से डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप) की 10 से अधिक टीमें गठित की गई हैं। सभी जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें अगले आदेश तक फील्ड में तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह ऑपरेशन पिछले वर्षों में अबूझमाड़ और करेंगुट्टा जैसे बड़े अभियानों की तरह व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, जिसमें नक्सलियों के ठिकानों को जड़ से खत्म करने की रणनीति पर फोर्स काम कर रही है। इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि सुरक्षाबल सतर्क मोड पर हैं।



