सुकमा । ग्राम पेंटापाड़ के पास गश्त और सर्चिंग के दौरान तीन सक्रिय नक्सलियों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया है। थाना चिंतागुफा क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।गिरफ्तार नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने की नियत से आईईडी प्लांट करने की तैयारी में थे। उनके पास से टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड, कोर्डेक्स वायर और पेंसिल सेल बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री का कुल वजन लगभग 2 से 3 किलोग्राम बताया जा रहा है।

गश्त और सर्चिंग के दौरान तीन सक्रिय नक्सलियों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए नक्सलियों की पहचान ग्राम बुर्कलंका के तीन युवकों के रूप में हुई है, जो प्रतिबंधित नक्सली संगठन में मिलिशिया सदस्य के रूप में सक्रिय थे। पूछताछ के दौरान नक्सलियों ने स्वीकार किया कि वे मौके का फायदा उठाकर विस्फोटक प्लांट करने की योजना बना रहे थे।पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। चिंतागुफा थाने से जिला बल और 50वीं बटालियन के जवान अभियान पर निकले थे, वहीं कैम्प डब्बाकोंटा से भी बल ने मोर्चा संभालकर घेराबंदी की और नक्सलियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी होती रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था को कायम रखा जा सके।




