सुकमा। थाना चिंतलनार क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक नक्सली पर सरकार ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
सुकमा में नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता, पांच नक्सली गिरफ्तार।
पुलिस के अनुसार, ये सभी नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने के लिए आईईडी प्लांट करने की तैयारी कर रहे थे। समय रहते कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, जिसमें फटाके, जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर, कोर्डेक्स वायर, बैटरियां और रेडियो जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं, जब्त किए गए।
![]()
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर हमला करने के लिए किया जाना था। गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया है।अधिकारियों का कहना है कि यह ऑपरेशन नक्सल उन्मूलन अभियान की बड़ी सफलता है और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इससे पहले भी मिली थी सफलता
एक सितंबर को थाना चिंतागुफा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने ग्राम पेंटापाड़ के पास गश्त और सर्चिंग के दौरान तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से टिफिन बम, जिलेटिन रॉड, कोर्डेक्स वायर और इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद हुए थे। पकड़े गए तीनों युवक प्रतिबंधित संगठन के मिलिशिया सदस्य थे और लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय थे।





