रायपुर। राजधानी की चर्चित ड्रग्स क्वीन नव्या मलिक को पुलिस ने 4 सितंबर तक रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान अधिकारियों की टीम लगातार उससे पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में नव्या ने एक बड़े शराब कारोबारी और उसके बेटे से अपने करीबी संबंध होने की बात कबूल की है। उसने माना है कि कारोबारी के बेटे के साथ वह पार्टियों में शामिल हुई और इंटीरियर डिजाइनिंग के बहाने उनकी दोस्ती बढ़ी थी।
विदेश यात्राओं पर पुलिस की नजर
नव्या ने कई देशों की यात्राएं कबूल की हैं, जिनमें दुबई, सिंगापुर, तुर्की, थाईलैंड और मालदीव शामिल हैं। पुलिस को खासतौर पर उसकी तुर्की यात्रा पर शक है, जहां वह राज्य के बड़े शराब कारोबारी के साथ तीन दिनों तक रुकी थी। पुलिस उसके विदेश दौरों के खर्च और स्रोत की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस को उसका एक मोबाइल मिला है, लेकिन दूसरा मोबाइल अब तक बरामद नहीं हो सका है।
अयान परवेज से कनेक्शन और आपत्तिजनक वीडियो
पुलिस ने नव्या के करीबी दोस्त अयान परवेज (30), निवासी मोतीनगर को गिरफ्तार किया है। दोनों पर मिलकर ड्रग्स (इग्स) की तस्करी का आरोप है। अयान के मोबाइल की जांच में कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं, जिनमें तीन वीडियो नव्या के बताए जा रहे हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस शक जता रही है कि अयान, नव्या को इन वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था, क्योंकि उसके खाते में बड़े पैमाने पर रकम का ट्रांजेक्शन मिला है। अयान का कनेक्शन शोएब नामक शख्स से भी सामने आया है।
पहले पकड़े गए तस्करों से लिंक
इस केस का लिंक पहले पकड़ी गई दुर्ग, भिलाई और रायपुर की युवतियों से भी मिला है। पुलिस को उनके साथ नव्या की बातचीत के सबूत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक इस कड़ी में एक राजनीतिक दल से जुड़ी युवती का नाम भी सामने आ सकता है। साथ ही कई बड़े घरानों के युवकों का कनेक्शन भी जांच के दायरे में है।
नार्को टेस्ट की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, पुलिस नव्या का नार्को टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है। वजह यह है कि वह पूछताछ में ज्यादा सहयोग नहीं कर रही और कई अहम सवालों पर चुप्पी साधे हुए है। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क की डोर कई बड़े और प्रभावशाली लोगों तक जाती है।
कारोबारी की तबीयत बिगड़ी
इस बीच, मुंबई में पकड़े गए युवा कारोबारी पीके अग्रवाल से भी पुलिस पूछताछ कर रही थी। सोमवार सुबह क्राइम ब्रांच में पूछताछ के दौरान अचानक उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।





