बसना(जीतयादव)। संकुल केंद्र रसोड़ा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दुरुगपाली की दो छात्राओं ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा कु. मानवी प्रधान (पिता राजेश प्रधान) और कु. तनीषा प्रधान (पिता रोहित प्रधान) का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय छिंदपाली के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से ग्राम दुरुगपाली और संकुल रसोड़ा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन में दो छात्राओं ने हासिल की सफलता गांव और संकुल क्षेत्र में खुशी, शिक्षकों ने दी बधाई।
जानकारी के अनुसार विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे और विकासखंड स्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव के मार्गदर्शन में शासकीय प्राथमिक शाला दुरुगपाली में हर वर्ष नवोदय, एकलव्य, उत्कर्ष और सैनिक स्कूल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है।
संकुल प्राचार्य आनंद कुमार दास और संकुल समन्वयक संतराम बंजारा द्वारा समय-समय पर शिक्षकों की बैठक और कार्यशाला आयोजित कर शासन के महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी दी जाती है। इसी का परिणाम है कि संकुल के विभिन्न स्कूल लगातार बेहतर परिणाम दे रहे हैं।
छात्राओं की सफलता पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्रीविशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, नोडल प्राचार्य आनंद कुमार दास, संकुल समन्वयक संतराम बंजारा, प्रधान पाठक जौशिक कुमार सामल, शिक्षक अविनाश भोई और अरुंधती भोई सहित कई शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन पर एसएमसी अध्यक्ष मधुसूदन प्रधान, सदस्य सुनील प्रधान, अनिल प्रधान, धर्मेंद्र साहू, भागीरथी साहू और विश्वनाथ प्रधान सहित संकुल के शिक्षक और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।नोडल प्राचार्य आनंद कुमार दास ने शाला दुरुगपाली के शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि अन्य स्कूलों को भी इससे प्रेरणा लेकर बेहतर परिणाम देने का प्रयास करना चाहिए।




