बसना(जीतयादव)।प्राथमिक विद्यालय रेमड़ा के तीन मेधावी विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा में हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी और उत्साह का माहौल है।चयनित विद्यार्थियों में प्रीति पटेल, स्नेहा यादव और रौनक प्रधान शामिल हैं। ग्रामीण परिवेश से आने वाले इन बच्चों ने कड़ी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता हासिल की है। कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद इनकी उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी प्रेरणा मानी जा रही है।
नवोदय चयन परीक्षा में प्रीति, स्नेहा और रौनक ने हासिल की सफलता, ग्रामीण प्रतिभा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान विद्यालय पहुंचे और चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा,
“ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, जरूरत होती है सही मार्गदर्शन और अवसर की। इन बच्चों ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बने हैं।”
उन्होंने आगे शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही शिक्षकों के समर्पण और मेहनत की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से यह सफलता संभव हो पाई।विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने भी नवोदय में चयन पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि विद्यालय में लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।
नवोदय में चयन पर ग्राम के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में कमल नयन प्रधान, अश्विनी प्रधान, तोष कुमार प्रधान, कमलेश शामल सहित अन्य नागरिकों की भी उपस्थिति रही।रेमड़ा के इन होनहार बच्चों की सफलता से पूरे क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।



