महासमुंद(जीतयादव)। जिले में पुलिस द्वारा ‘नवा बिहान’ जागरूकता अभियान के तहत साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।इस दौरान लोगों को साइबर अपराध से बचाव और ऑनलाइन ठगी की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी दी गई। अभियान में बड़ी संख्या में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।
जिला पुलिस ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया अभियान, 500 से अधिक लोगों को दी सुरक्षा संबंधी जानकारी।
महासमुंद जिला पुलिस की टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इसमें भंवरपुर साप्ताहिक बाजार, भीखापाली बाजार, संजय गार्डन के पास, बागबाहरा स्थित दुर्गा मंदिर के पास टाउन हॉल और पिथौरा बाजार क्षेत्र शामिल रहे।

पुलिस टीम ने लोगों को साइबर स्टॉकिंग, फेक प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से बचने के तरीके बताए। साथ ही सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने, मजबूत पासवर्ड बनाने और अनजान लिंक या एपीके फाइल डाउनलोड न करने की सलाह दी गई।

जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि यदि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा फोन या वीडियो कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी, बैंक अधिकारी या अन्य सरकारी अधिकारी बताकर पैसे की मांग की जाती है तो उस पर विश्वास न करें। किसी भी तरह के ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने या नजदीकी पुलिस थाना और साइबर सेल में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया।

इसके अलावा अभियान में नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को नशे से दूर रहने की अपील की गई। साथ ही गौवंश पशुओं की तस्करी की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को जानकारी देने और आपात स्थिति में डायल-112 का उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस जागरूकता अभियान में लगभग 500 शहर एवं ग्रामीण नागरिकों ने भाग लेकर जानकारी प्राप्त की।



