महासमुंद(जीतयादव)।पुलिस ने नवा बिहान जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान लोगों को सोशल मीडिया में संवेदनशील जानकारी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड बनाने, फेक प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी जैसी घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा के उपाय साझा किए।
पुलिस ने नागरिकों को बताया कि साइबर फ्रॉड, सायबर स्टाकिंग या ऑनलाइन ठगी की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इसके अलावा, लोग अपने नजदीकी पुलिस थाना या सायबर थाना में जाकर भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। लोगों को किसी अनजान लिंक, वीडियो कॉल या फॉरवर्डेड मैसेज पर भरोसा न करने और किसी ऑनलाइन लालच वाले ऑफर पर विश्वास न करने की सलाह दी गई।
अभियान में यह भी बताया गया कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट देने से पहले उनका सत्यापन करना आवश्यक है, पर्सनल और संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और टू-स्टेप वेरिफिकेशन जैसी सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करना चाहिए। फेक ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटार्शन और डिजिटल अरेस्ट की धमकी जैसी घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में नागरिकों को सचेत किया गया।
यातायात सुरक्षा के संबंध में नागरिकों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को सरकारी अस्पताल में 15 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। साथ ही, तुरंत मदद करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा। इसके अलावा, क्षेत्र में गौवंश की तस्करी या अन्य अपराध की सूचना तुरंत संबंधित थाने को देने का निर्देश भी साझा किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम रायतुम, पिथौरा लहरोद ओवर ब्रिज, ग्राम परसदा मंदिर परिसर, ग्राम उड़ेला (भागवत कथा स्थल) और मीना बाजार मेला स्थल में लगभग 200 ग्रामीणों को जागरूक किया। नागरिकों ने अभियान को अत्यंत उपयोगी और जानकारीपूर्ण बताया।



