भगतदेवरी। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगत देवरी द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ 21 दिसंबर 2025 को ग्राम मुक्ति डीपा (जाम जुड़ा) में किया गया। यह शिविर नशा मुक्त समाज के लिए युवा थीम पर आधारित है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास, स्वच्छता, नशा मुक्ति, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है।

सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन ग्राम मुक्ति डीपा के समस्त ग्रामीणजनों के सहयोग से किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, विद्यालय के शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों की सक्रिय एवं पूर्ण सहभागिता रही। शिविर का उद्घाटन ग्राम पंचायत मुक्ति डीपा (जाम जुड़ा) की सरपंच श्रीमती कुमुदिनी भोलाराम जगत के मुख्य आतिथ्य में, श्रीमती चेतना मनोज साहू की अध्यक्षता एवं प्राचार्य श्री तारेंद्र कुमार साहू के संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम कार्यक्रम अधिकारी श्री बी.के. साव एवं श्रीमती सुनीता मांझी के निर्देशन में आयोजित किया गया। शुभारंभ अवसर पर विद्या की देवी मां सरस्वती तथा स्वयंसेवकों के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि NSS का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सेवा के माध्यम से छात्रों के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता एवं चरित्र का सर्वांगीण विकास करना है। साथ ही युवाओं को समाज के प्रति उत्तरदायित्व का बोध कराना ही राष्ट्रीय सेवा योजना की मूल भावना है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से छात्रों में सामाजिक चेतना और नेतृत्व क्षमता का विकास हो रहा है ।
शिविर के दौरान विधिक साक्षरता शिविर, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, निशुल्क नेत्र जांच शिविर, निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, प्रज्ञा पुराण कथा, रामायण गायन, कवि सम्मेलन, विभिन्न विद्वानों द्वारा बौद्धिक सत्र, श्रमदान, सामाजिक सर्वेक्षण तथा विविध रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में विशेष सहयोगी के रूप में मनोज साहू, नंदकुमार पटेल, तुकाराम साहू एवं समस्त पंचगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, स्वयंसेवक एवं ग्राम का विशाल जनमानस बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं सामाजिक समर्पण की भावना के साथ संपन्न हुआ।




