महासमुंद(जीतयादव)।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 एवं 24 जनवरी सारथी दिवस के अवसर पर यातायात पुलिस महासमुंद द्वारा जिला मुख्यालय में एक सराहनीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले में सेवाएं दे रहे एंबुलेंस वाहन चालक, बस चालक, टैक्सी, कार, ऑटो एवं अन्य वाहन चालकों को उनकी अमूल्य सेवाओं के लिए गुलाब फूल देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा दिवस पर एंबुलेंस, बस, टैक्सी, ऑटो चालकों को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानकिया गया ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। यातायात पुलिस अधिकारियों ने चालकों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर चालकों को नियंत्रित गति से वाहन चलाने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने, सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की मदद करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा के तहत यातायात विभाग ने कहा कि वाहन चालक समाज की रीढ़ होते हैं और उनकी जिम्मेदारीपूर्ण भूमिका से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल चालकों में सकारात्मक संदेश जाता है बल्कि आम जनता में भी सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ती है।

सम्मानित हुए वाहन चालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें और अधिक सावधानी व जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने के लिए प्रेरित करता है। यातायात पुलिस महासमुंद ने आगे भी इसी तरह जनजागरूकता अभियान लगातार जारी रखने की बात कही।




