महासमुंद(जीतयादव)।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आज 18 जनवरी को बसना एवं सरायपाली क्षेत्र के स्कूल बसों का भौतिक निरीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग महासमुंद की संयुक्त टीम ने किया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने स्कूल बसों का भौतिक निरीक्षण किया।
बसना क्षेत्र के पब्लिक स्कूल बसना में 20 और सरायपाली क्षेत्र के प्रतिभा पब्लिक स्कूल सरायपाली में 36 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। कुल 56 बसों में से 8 बसों में दस्तावेजों और अन्य आवश्यकताओं की कमी पाई गई, जिसके लिए कुल ₹8,700/- का समन शुल्क लगाया गया। इन बसों के संचालकों को एक सप्ताह के भीतर सभी दस्तावेज पूर्ण करने की हिदायत दी गई।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा के अवसर पर स्कूल बस चालकों और परिचालकों को बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने संबंधी जरूरी बातें समझाई गईं। इसमें शराब पीकर वाहन न चलाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग, फायर सेफ्टी और फास्टेड बॉक्स की नियमित जांच, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का पालन करना शामिल था।

स्कूल बस भौतिक निरीक्षण शिविर में परिवहन विभाग की ओर से जिला परिवहन अधिकारी श्री राम कुमार ध्रुव, निरीक्षक जायसवाल, आर.बी. निर्मलकर, हेमचंद कंवर, लखन पटेल और नीलाम्बर निर्मलकर उपस्थित थे। वहीं, यातायात विभाग की ओर से यातायात प्रभारी श्री रामभजन सिन्हा, आरक्षक पेखन माथुर और विनोद अनंत ने हिस्सा लिया। सभी स्कूल बसों के चालक और परिचालक भी मौजूद रहे।
इस तरह के निरीक्षण से न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि स्कूल बसों के संचालन में नियमों के पालन को भी मजबूती मिलती है।



