महासमुंद(जीतयादव)।थाना तुमगांव क्षेत्र के कोडार डेम जंगल में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को महासमुंद पुलिस ने सुलझा लिया है। लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने इस जघन्य हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्या की वजह लालच और लूट बताई गई है।
दिनांक 02 अप्रैल 2025 को प्रार्थी देवदास चेलक द्वारा सूचना दी गई थी कि उलट कोडार डेम के सागौन जंगल में एक अज्ञात महिला का शव जली हुई अवस्था में पड़ा है। सूचना पर थाना तुमगांव में अपराध क्रमांक 82/25 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
लालच और लूट की नीयत से महिला की निर्मम कत्ल कर , शव जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश
जांच के दौरान डीएनए टेस्ट के माध्यम से मृतका की पहचान सुनीता रजक (55 वर्ष) निवासी धमतरी के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि वह अपनी बड़ी बहन के घर ग्राम पटेवा मड़ई मेला देखने आई थी और 30 जनवरी 2025 को पटेवा से महासमुंद जाने एक अज्ञात व्यक्ति से मोटरसाइकिल में लिफ्ट लेकर निकली थी। इसके बाद उसके गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना पटेवा में दर्ज कराई गई थी।
आरोपी ने कबूला जुर्म
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने संदेही सूरज ध्रुव, निवासी ग्राम खुंटेरी थाना खल्लारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2018 में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और दिसंबर 2024 में सजा पूरी कर बाहर आया था।
जेल से छूटने के बाद वह ग्राम कौंवाझर में अपने बहन-जीजा के घर रह रहा था और उनके स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 06 GA 3140) का उपयोग करता था।
भरोसे में लेकर की हत्या
आरोपी ने बताया कि उसने मृतका को नौकरी और घर छोड़ने का झांसा देकर लगभग डेढ़ माह तक अपने कब्जे में रखा। जब महिला बार-बार घर जाने की जिद करने लगी तो आरोपी के मन में लालच आ गया।
मार्च के अंतिम सप्ताह में आरोपी ने महिला को रिश्तेदार के घर छोड़ने का बहाना बनाकर कोडार डेम के जंगल में ले गया, जहां सुनसान जगह देखकर साड़ी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने महिला के पहने सोने-चांदी के गहनों को लूट लिया और पहचान छिपाने के लिए शव को जंगल में ले जाकर कपड़ों, सूखे पत्तों और लकड़ियों से जलाने की कोशिश की।
गहने और मोटरसाइकिल जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने—
2 नग सोने के टॉप्स
1 नग सोने का झुमका
2 नग चांदी की पायल
6 नग चांदी की बिछिया
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल CG 06 GA 3140
को जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनका रहा अहम योगदान
इस अंधे कत्ल को सुलझाने में थाना प्रभारी तुमगांव निरीक्षक दिनेश कुमार यादव, साइबर सेल निरीक्षक विनोद कश्यप, प्र.आर. आबिद खान, आरक्षक कीर्तन सिन्हा, फलेश वर्मा, कमलेश निर्मलकर, महेंद्र क्षत्रिय, मोनू नामदेव एवं महिला आरक्षक तृष्णा मारकण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






