रायगढ़। जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पति-पत्नी और उनके दो बच्चों के शव घर की बाड़ी में गड्ढा खोदकर दफना दिए गए थे।
बदबू से खुला राज
ग्राम ठुसेकेला, राजीव नगर मोहल्ले में रहने वाले बुधराम उरांव का घर चार दिनों से बंद था। जब घर से तेज बदबू आने लगी तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से घर का दरवाजा खोला। अंदर खून के छींटे और मिट्टी में दबे शवों के निशान मिले।
कुल्हाड़ी से वार कर हत्या
फोरेंसिक अधिकारियों के अनुसार, सोते समय पति-पत्नी और बच्चों के सिर व गले पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। इसके बाद शवों को खींचकर बाड़ी में दफनाया गया और ऊपर से सड़े हुए पैरा से ढक दिया गया। मृतकों की पहचान –
बुधराम उरांव (राजमिस्त्री) उम्र 40 वर्ष
पत्नी सोहद्रा उम्र 36 वर्ष
बेटा अरविंद उम्र 13 वर्ष
बेटी शिवांगी उम्र 6 वर्ष
राजनीति में गरमाई बहस
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से गृहमंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की मांग की है।
जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में ले लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। हत्या किसने और क्यों की, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।





