बसना(जीतयादव)। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम इंद्रपुर में हुई युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शादी के वादे से मुकरने और बदनामी के डर से प्रेमी ने ही युवती की हत्या की थी।
शादी से मुकरने और बदनामी के डर से पत्थर से वार कर की थी हत्या।
जानकारी के अनुसार 24 मार्च 2026 की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले, जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से लगभग 150 मीटर दूर एक खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला है। युवती के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के निशान थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को मृतका के पिता से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पता चला कि गांव के ही लोकनाथ पटेल (27 वर्ष) ने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए थे। जांच में यह भी सामने आया कि युवती गर्भवती थी और आरोपी पर शादी के लिए दबाव बना रही थी।

पुलिस ने संदेह के आधार पर लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि समाज में बदनामी के डर से वह शादी नहीं करना चाहता था। इसी कारण उसने 23 मार्च की रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच युवती को बहला-फुसलाकर खेत में बुलाया और विवाद के दौरान पास पड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी के बताए अनुसार हत्या में प्रयुक्त पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।



