महासमुंद(जीतयादव)।कोसरंगी में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
कोसरंगी में युवक की हत्या का मामला सुलझा, पुरानी रंजिश सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाकेश साहू पिता भरत साहू, निवासी ग्राम कोसरंगी दिनांक 03 फरवरी 2026 की रात खाना खाने के बाद टहलने निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। अगले दिन 04 फरवरी 2026 की सुबह उसका शव गांव के नकूल साहू के घर के सामने पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून से सने ईंट के टुकड़े भी मिले।

घटना की सूचना पर मृतक के चाचा के बेटे कृष्ण लाल साहू द्वारा थाना महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 19/2026 कायम कर जांच शुरू की।
पूछताछ में हुआ खुलासा
जांच के दौरान संदेही नकूल साहू से पूछताछ की गई, जिसमें उसके मेमोरेंडम बयान के आधार पर कई अहम तथ्य सामने आए। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने नकूल साहू एवं उसके भाई निर्मल साहू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 47/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी गहन जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. नकूल साहू (33 वर्ष)
पिता – केशव साहू
निवासी – वार्ड नंबर 05, ग्राम कोसरंगी, थाना महासमुंद, जिला महासमुंद
2. निर्मल साहू (19 वर्ष)
पिता – केशव साहू
निवासी – वार्ड नंबर 05, ग्राम कोसरंगी, थाना महासमुंद, जिला महासमुंद
पुलिस का कहना
थाना महासमुंद पुलिस द्वारा मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त वस्तुओं की बरामदगी एवं घटना के पीछे की साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही पूरे मामले का और खुलासा किया जाएगा।




