महासमुंद। भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट और खेल एवं युवा विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले सांसद खेल महोत्सव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को सांसद रूपकुमारी चौधरी ने महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिले के अधिकारियों की
संयुक्त बैठक ली।बैठक में अधिक से अधिक खिलाड़ियों के पंजीयन पर जोर दिया गया। पंजीयन की प्रक्रिया 29 अगस्त से शुरू हो चुकी है, जो 20 सितंबर तक चलेगी।
सांसद खेल महोत्सव खिलाड़ियों में खेल भावना और प्रतिभा को मिलेगा मंच।
कलेक्टर सभाकक्ष में हुई बैठक में महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, मनोज कुमार धृतलहरे, रेखराज शर्मा, धमतरी और गरियाबंद के शिक्षा व खेल अधिकारी शामिल हुए।वीसी के माध्यम से धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और गरियाबंद कलेक्टर बीएस उइके भी जुड़े।
सामूहिक और एकल खेलों का आयोजन
महोत्सव में सामूहिक खेलों में 14-19 और 19-24 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं शामिल होंगे। इसमें कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल होंगे।एकल खेलों में 14-17, 18-20 और 21-24 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, बैडमिंटन और गेड़ी दौड़ शामिल हैं।
संकुल स्तर पर आयोजन
महासमुंद जिले के 30, धमतरी और गरियाबंद जिले के 10-10 संकुलों में आयोजित किए जाएंगे।इच्छुक प्रतिभागी www.sansadkhelmahotsav.in पोर्टल पर पंजीयन कर सकते हैं।
तीन स्तरों पर होगा आयोजन
ग्रामीण स्तर : 21 सितंबर से 21 अक्टूबर
विधानसभा स्तर : 22 अक्टूबर से 22 नवंबर
लोकसभा स्तर : 23 से 25 दिसंबर

जिला प्रशासन ने सभी डीईओ, बीईओ, जनपद पंचायत सीईओ और नगरीय निकाय सीएमओ को निर्देशित किया है कि अधीनस्थ कर्मचारियों, विद्यालयों और ग्राम पंचायतों के माध्यम से पंजीयन की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।



