मोक्ष कुमार प्रधान ने सहकारी समिति कर्मचारी संघ के आंदोलन को दिया समर्थन
महासमुंद(जीत यादव)। जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने जिला सहकारी समिति कर्मचारी संघ तथा समर्थन मूल्य धान खरीदी कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ के आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। यह आंदोलन 3 नवंबर 2025 से अनिश्चितकालीन धरना, रैली और प्रदर्शन के रूप में जारी है, जिसमें कर्मचारी अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में —
1️⃣ मध्यप्रदेश सरकार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी सहकारी समिति कर्मचारियों को वेतनमान और अन्य सुविधाएँ प्रदान की जाएं।
2️⃣ सेवा नियम 2018 में आर्थिक संशोधन कर पुनरीक्षित वेतनमान लागू किया जाए।
3️⃣ धान खरीदी कार्य के लिए मानदेय में वृद्धि की जाए।
4️⃣ धान खरीदी नीति 2024–25 में कम्प्यूटर ऑपरेटरों को नियमित नियुक्ति में शामिल किया जाए।

मोक्ष कुमार प्रधान ने धरना स्थल पर उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मांगे “100 प्रतिशत से भी अधिक जायज हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार को इन मांगों पर तुरंत निर्णय लेना चाहिए क्योंकि जल्द ही धान खरीदी प्रारंभ होने वाली है, और यदि कर्मचारी परेशान रहेंगे, तो इसका सीधा असर किसानों पर पड़ेगा।
प्रधान ने कहा, “शासन और किसानों के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी यही कर्मचारी हैं। सरकार को यह समझना चाहिए कि अन्य राज्यों में इन्हीं चार मांगों को मानकर उनकी सरकारें काम कर रही हैं, तो छत्तीसगढ़ में क्यों नहीं? विष्णुदेव सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान सरकार न केवल कर्मचारियों बल्कि किसानों को भी एग्री स्टैक जैसी जटिल प्रक्रियाओं के माध्यम से परेशान कर रही है। किसान पहले से ही कागज़ी कार्यवाही से त्रस्त हैं। यदि कर्मचारियों की मांगें नहीं मानी गईं, तो इसका असर सीधे किसानों पर पड़ेगा और यह सरकार के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश बनेगा।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा, “कर्मचारी संघ जिंदाबाद! हम आपके साथ हैं — सड़क से सदन तक की लड़ाई आपके साथ मिलकर लड़ूंगा। जब तक आपकी जायज़ मांगें पूरी नहीं होतीं, हमारा समर्थन और सहयोग आपके साथ रहेगा।”
उन्होंने कर्मचारियों की एकजुटता और संघर्ष की भावना की सराहना करते हुए आंदोलन को नैतिक और राजनीतिक समर्थन देने की घोषणा की।



