बसना(जीतयादव)।जिले में मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के तहत 18 फरवरी को महासमुंद कलेक्टर कार्यालय का घेराव एवं धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। दोपहर 1 बजे प्रस्तावित इस कार्यक्रम में जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और मजदूरों के बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
“मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत कांग्रेस का ऐलान, महासमुंद में दोपहर 1 बजे होगा प्रदर्शन।
जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए जा रहे प्रस्तावित बदलाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, किसानों और मजदूरों के लिए रोजगार का मजबूत आधार है, लेकिन बदलावों से गांवों में काम के अवसर और मजदूरी भुगतान दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि योजना के मूल स्वरूप में परिवर्तन किया गया तो इससे लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका संकट में पड़ सकती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी।

प्रदर्शन के दौरान “VB-GRAM-G” विधेयक को वापस लेने तथा मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग को लेकर प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने इसे मजदूर हितों की रक्षा के लिए निर्णायक आंदोलन बताया है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने जिले के सभी ब्लॉक और ग्राम स्तर के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।




