महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने अपनी पत्नी प्रिया सिन्हा के साथ जिला अस्पताल महासमुंद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लगभग 60 नवजात शिशुओं और उनकी माताओं का हालचाल जाना तथा उन्हें आवश्यक सामग्री वितरित की।विधायक दंपत्ति ने नवजात शिशुओं को कपड़े, डायपर, तौलिया और सफाई कीट जैसी उपयोगी वस्तुएं भेंट कीं। उन्होंने माताओं से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और देखभाल के बारे में जानकारी ली तथा स्वस्थ जीवनशैली और नवजात शिशु की देखभाल के संबंध में आवश्यक सुझाव भी दिए।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने जिला अस्पताल में नवजात शिशुओं और माताओं से की मुलाकात।
इस अवसर पर विधायक सिन्हा ने कहा कि मां और शिशु का स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने नवजीवन के इस क्षण को पूरे समाज का उत्सव बताते हुए कहा कि हर मां और बच्चे तक स्वास्थ्य सुविधाएं और संसाधन आसानी से पहुंचने चाहिएं।

सिन्हा ने मातृत्व को ईश्वर का वरदान बताते हुए कहा कि यह पहल मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे जिला अस्पताल जैसी स्वास्थ्य संस्थाओं को सहयोग देकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाएं।माताओं ने विधायक दंपत्ति की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया और इसे प्रेरणादायक बताया।

इस अवसर पर स्काउट गाइड के राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल, कल्पना सूर्यवंशी, राहुल आवड़े, महेन्द्र सिक्का, राजू चंद्राकर, प्रकाश शर्मा, शरद मराठा, हनीश बग्गा, रमेश साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव, मेडिकल कॉलेज अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी और नीलू धृतलहरे सहित कई जनप्रतिनिधि व अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहे।



