बसना। सांकरा स्थित समरसता भवन में शनिवार को विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने भाजपा मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक एवं भेंट-मुलाकात की। यह बैठक आगामी कार्य योजनाओं को अंतिम रूप देने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
बैठक में विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीतियों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
विधायक अग्रवाल ने कहा कि — “पार्टी के कार्यकर्ता हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। आपकी निष्ठा, लगन और समर्पण ही संगठन की असली पूंजी है। हमें मिलकर यह सुनिश्चित करना है कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।”
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में ‘जन-जन तक पहुंच’ के सिद्धांत पर काम करते हुए प्रत्येक बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाना प्राथमिकता होगी। जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे संगठन के अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लें और जनता के बीच पार्टी की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और एकजुटता ही संगठन की मजबूती की पहचान है।
बैठक में भाजपा मंडल के सभी प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने विधायक के मार्गदर्शन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने एवं जनता के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।



