बसना: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने सेवा पखवाड़ा में आदर्श आवासीय महाविद्यालय में किया स्वच्छता और पौधरोपण
बसना। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आदर्श आवासीय महाविद्यालय, लोहराकोट में आयोजित स्वच्छता और पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर महाविद्यालय परिसर में श्रमदान किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया।
इस अवसर पर विधायक ने परिसर की मूलभूत सुविधाओं और इसके सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह आदर्श आवासीय महाविद्यालय हमारे क्षेत्र के भविष्य का आधार है और शिक्षा के साथ-साथ इसका वातावरण भी उत्कृष्ट होना चाहिए।

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि सेवा पखवाड़े के माध्यम से लिया गया स्वच्छता संकल्प सिर्फ एक दिन का नहीं, बल्कि हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए। एक स्वच्छ परिसर ही स्वस्थ और उन्नत विचारों को जन्म देता है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महाविद्यालय में बेहतरीन प्रयोगशालाएँ, पर्याप्त फर्नीचर, आधुनिक क्लासरूम और बेहतर छात्रावास सुविधाओं को सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।



