रायपुर जाने से रोकी गईं मितानिन बहनें, हाईवे पर जाम लगाकर किया जोरदार प्रदर्शन
रायपुर। नियमितिकरण और वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ की मितानिन बहनों ने आंदोलन तेज कर दिया है। प्रदेशव्यापी हड़ताल में शामिल होने रायपुर जा रही गरियाबंद की मितानिन बहनों को प्रशासन ने रास्ते में रोक दिया। इससे नाराज होकर उन्होंने नेशनल हाईवे-130 पर तिरंगा चौक के पास चक्काजाम कर दिया।
हंगामे के बाद उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति दी गई, लेकिन करीब 20 किलोमीटर आगे पोड़ के पास पुलिस ने फिर से उन्हें रोक लिया। इसके विरोध में मितानिन बहनों ने दोबारा हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि वे अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर रायपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रही थीं, लेकिन प्रशासन बार-बार आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। मितानिन बहनों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें रायपुर तक नहीं पहुंचेंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



