झलप(जीतयादव)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के “मिशन गांव चलो अभियान” के तहत संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से पंचायत और बूथ स्तर पर कमेटियों के गठन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में महासमुंद जिले के पटेवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत झलप में बैठक आयोजित की गई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में “मिशन गांव चलो अभियान” के तहत बूथ कमेटियों का गठन किया गया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस दौरान पंचायत कमेटी के साथ तीन बूथ कमेटियों का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करना और आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव स्तर पर लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखें और सरकार की योजनाओं व जनसमस्याओं को संगठन के माध्यम से सामने लाएं। मिशन गांव चलो अभियान के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष एवं विधायक द्वारिकाधीश यादव, पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, जिला बूथ प्रभारी हितेंद्र ठाकुर, पूर्व प्रदेश महामंत्री अमरजीत चावला, पूर्व जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष आलोक चंद्राकर, पटेवा ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहित ध्रुव, जनपद पंचायत महासमुंद की स्वास्थ्य समिति की सभापति सृष्टि ध्रुव तथा सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष अतुल गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान स्थानीय मुद्दों, संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।



