महासमुंद।जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के काफिले में शामिल एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन कोडार के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक हेड कांस्टेबल को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल सिरपुर में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के 1 जनवरी को प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-53 पर पिरदा के पास दोपहर लगभग 2:37 बजे मंत्री के काफिले में चल रही एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
CAF जवान का हाथ टूटा, हेड कांस्टेबल घायल
हादसे का शिकार हुई स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 04 NZ 8178 में जिला पुलिस बल के हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई (45 वर्ष), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल 15वीं बटालियन के जवान प्रदीप कुमार (26 वर्ष) एवं वाहन चालक सवार थे।हादसे में CAF जवान प्रदीप कुमार का हाथ टूट गया, जबकि हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई को हल्की चोटें आईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव थाना प्रभारी पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद CAF जवान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मंत्री सुरक्षित, काफिले में मचा हड़कंप
हादसे के बाद काफिले में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि मंत्री राजेश अग्रवाल पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।





