बसना। छत्तीसगढ़ राज्य उत्सव (रजत जयंती समारोह) के द्वितीय दिवस 3 नवंबर 2025 को जिला महासमुंद के शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली (विकासखंड बसना) के बच्चों ने अपने गणितीय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम स्थल पर शिक्षा विभाग, जिला महासमुंद द्वारा लगाए गए सुसज्जित स्टॉल में बच्चों ने गुणा, भाग, वर्ग, वर्गमूल, परिमाप और क्षेत्रफल जैसे विषयों पर आधारित ई-बारती सवालों के उत्तर 30 सेकंड से भी कम समय में देकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।
कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार, डीईओ विजय कुमार लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, सहायक संचालक एन.के. सिन्हा, एपीसी सम्पा बोस, बीआरसी महासमुंद जागेश्वर सिन्हा सहित जिले के कई अधिकारी एवं अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की गणितीय दक्षता का निरीक्षण किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।

शासकीय प्राथमिक शाला करनापाली के शिक्षक वीरेंद्र कुमार कर के मार्गदर्शन में कक्षा पांचवी के विद्यार्थी जयंती नेताम, कोमल पटेल, प्रियांश साहू एवं दीपेश चौधरी ने मंच पर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की त्वरित उत्तर देने की क्षमता ने सभी अतिथियों और आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विकासखंड बसना के सुदूर अंचल में स्थित करनापाली विद्यालय की इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर कंवर, बीआरसी अनिल साव, प्रधान पाठक गिरधारी साहू, शिक्षिका निर्मला नायक सहित सभी पालक, ग्रामीणजन और करनापाली के नागरिकों ने बच्चों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



