बसना: विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं संग सुना प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’, बताया राष्ट्रनिर्माण का दर्पण
बसना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 126वें संस्करण का प्रसारण 28 सितंबर को हुआ। इस अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ अपने निवास पर यह कार्यक्रम सुना।
कार्यक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने इसे “जन-जन की प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण का दर्पण” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने एक बार फिर नारी शक्ति, स्थानीय उद्यम और स्वदेशी उत्पादों को सम्मान देकर देश की बदलती तस्वीर को सामने रखा है।
स्वदेशी अपनाना राष्ट्रप्रेम का विषय
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट रूप से “स्वदेशी अपनाने” का संदेश दिया। यह केवल आर्थिक पहलू नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम का विषय है, जो स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्योगों को मजबूती देता है। प्रधानमंत्री द्वारा देशभर से दिए गए उदाहरण स्थानीय स्तर पर काम करने वाले लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं।
छत्तीसगढ़ का गर्व बढ़ा
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार फिर छत्तीसगढ़ का उल्लेख किया। बिल्हा क्षेत्र की 200 महिलाओं द्वारा स्वच्छता अभियान में किए गए योगदान की सराहना ने दिलों को छू लिया। यह दिखाता है कि प्रधानमंत्री का ध्यान दूर-दराज क्षेत्रों में हो रहे सकारात्मक बदलावों पर भी है।
स्थानीय कार्यकर्ताओं का उत्साह
इस अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री के संबोधन को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, महंत लखन मुनि साहेब, विधायक प्रतिनिधि सोनू छाबड़ा, खेमराज अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



