पिथौरा(जीतयादव)।लाखागढ़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
“जो खेलता है, वही खिलता है” — नरेंद्र मोदी का मन की बात में युवाओं को संदेश।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद, भाजपा अजजा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मन्नूलाल ठाकुर, वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सिंघल एवं रैदास गोयल, जिला कार्यसमिति सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षद श्रीमती रामकुंवर छाया सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता व नागरिक उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में आयोजित एआई समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। किसानों और पशुपालकों की सहायता में एआई के उपयोग की वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है। उन्होंने बताया कि समिट के दौरान तीन ‘मेड इन इंडिया’ एआई मॉडल लॉन्च किए गए, जो देश की तकनीकी क्षमता का प्रतीक हैं।

प्रधानमंत्री ने टी-20 विश्व कप 2026 का जिक्र करते हुए भारतीय मूल के खिलाड़ियों की वैश्विक भागीदारी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि देशों और संस्कृतियों को जोड़ने का माध्यम है। इसी संदर्भ में उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए संदेश दिया— “जो खेलता है, वही खिलता है।”
कार्यक्रम में अंगदान के महत्व, साइबर अपराधों से सावधानी और डिजिटल सुरक्षा को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया गया। अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज और युवाओं तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



