महासमुंद(जीतयादव)।तुमगांव पुलिस ने जुआ खेल रहे 5 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त की है। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
जुआ में छापेमारी, 32 हजार से अधिक नकद, 5 मोबाइल और 3 मोटरसाइकिल जब्त।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 फरवरी 2026 को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम अमावस, कानून बाहरा खार, थाना तुमगांव, जिला महासमुंद के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र पुरैना (निवासी सतनामी पारा तुमगांव), परमानंद साहू (निवासी चपरीद, समोदा थाना आरंग जिला रायपुर), रविन्द्र पुरैना (निवासी गुरु घासीदास गली तुमगांव), किशन कुमार साहू (निवासी नगर पंचायत तुमगांव) तथा बिसेसर गायकवाड (निवासी ग्राम कांपा थाना तुमगांव) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 32,370 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 5 एंड्रॉयड मोबाइल (कीमत लगभग 55,000 रुपये) तथा 3 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1,65,000 रुपये) जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 2,52,370 रुपये बताई गई है।सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें, तथा ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज में कानून व्यवस्था बनी रहे।




