महासमुंद(जीतयादव)।महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के विरुद्ध अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना महासमुंद क्षेत्र के ग्राम बनसिवनी एवं कमार डेरा में लंबे समय से अवैध रूप से महुआ शराब निर्माण की सूचना मिल रही थी। मुखबीर से प्राप्त पुख्ता जानकारी के आधार पर दिनांक 06 फरवरी 2026 की सुबह लगभग चार बजे पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापामार कार्रवाई की।
ग्राम बनसिवनी व कमार डेरा में छापामार कार्रवाई, 247 लीटर महुआ शराब जब्त, 600 किलो लाहन नष्ट।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके से 247 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। इसके साथ ही लगभग 600 किलोग्राम महुआ लाहन पाश को भी मौके पर ही नष्ट किया गया, जिससे अनुमानित रूप से लगभग 1800 लीटर महुआ शराब बनाई जा सकती थी। पुलिस द्वारा शराब निर्माण में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

इस कार्रवाई से न केवल अवैध शराब निर्माण पर रोक लगी, बल्कि समाज में फैल रही नशे की प्रवृत्ति पर भी एक मजबूत संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि इससे सामाजिक और पारिवारिक जीवन पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं यह नेटवर्क किसी बड़े गिरोह से तो जुड़ा नहीं है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। महासमुंद पुलिस की यह कार्रवाई नशा मुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




