बसना(जीतयादव)। भंवरपुर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 2000 रुपये बताई जा रही है। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
भंवरपुर पुलिस की कार्रवाई, 10 लीटर महुआ शराब जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान भंवरपुर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कर्राभौना में एक व्यक्ति अपने घर की बाड़ी में अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए छिपाकर रखा हुआ है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान एक व्यक्ति के पास 20 लीटर की प्लास्टिक बाल्टी में करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमल भारद्वाज (25 वर्ष), निवासी ग्राम कर्राभौना, चौकी भंवरपुर थाना बसना जिला महासमुंद बताया।

पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद शराब को जब्त कर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार जिले में अब तक 356 प्रकरणों में 408 व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



