महासमुंद(जीतयादव)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत थाना सिंघोडा पुलिस ने एक निर्णायक कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। इस महत्वपूर्ण सफलता में पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया।
मुखबिर सूचना पर त्वरित दबिश
पुलिस अधीक्षक महासमुंद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के स्पष्ट निर्देश तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली के प्रभावी मार्गदर्शन में दिनांक 10 जनवरी 2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिंघोडा पुलिस ने बिना समय गंवाए त्वरित दबिश देकर ग्राम गुठानीपाली के जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बनाते एक व्यक्ति को चारों ओर से घेरकर पकड़ा।
अवैध शराब का बड़ा जखीरा जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रंजीत दास, पिता ब्रह्मा दास, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुठानीपाली, थाना सिंघोडा, जिला महासमुंद (छ.ग.) बताया। आरोपी के कब्जे से 03 प्लास्टिक जरीकेन में भरी 20-20 लीटर कुल 60 लीटर अवैध हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये, को समक्ष गवाहों के सामने जब्त कर सीलबंद किया गया।
कानून के शिकंजे में आरोपी
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी, निरंतर और निर्णायक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






