भाद्रपद पूर्णिमा पर आज लगेगा चंद्र ग्रहण, दोपहर 12:56 बजे से शुरू होगा सूतक
रायपुर। आज 7 सितंबर भाद्रपद मास की पूर्णिमा है और इस विशेष अवसर पर रात को चंद्र ग्रहण भी लगेगा। खगोलविदों और ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, चंद्र ग्रहण की शुरुआत रात 9:56 बजे होगी और यह 1:26 बजे समाप्त होगा। इस दौरान पूर्ण चंद्र ग्रहण का नजारा रात 11:41 बजे देखने को मिलेगा।
कब शुरू होगा सूतक
ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा ने बताया कि चंद्र ग्रहण का सूतक काल 9 घंटे पहले, यानी दोपहर 12:56 बजे से शुरू हो जाएगा और ग्रहण समाप्त होने तक जारी रहेगा। मान्यता है कि इस समय में पूजा-पाठ और भोजन करना वर्जित होता है।
पूर्णिमा और पितृ पक्ष का महत्व
भाद्रपद पूर्णिमा पर पितरों के लिए धूप-ध्यान और श्राद्ध कर्म किए जाते हैं। दोपहर करीब 12 बजे तक पितरों के लिए तर्पण करना शुभ माना गया है। कल 8 सितंबर से पितृ पक्ष की प्रतिपदा तिथि शुरू होगी। पं. शर्मा के अनुसार, पितृ पक्ष में पूर्वज धरती पर आते हैं और श्रद्धा से किए गए कर्मों से प्रसन्न होकर आशीर्वाद देते हैं।
मंदिरों में नियम
सूतक लगने के बाद मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। ग्रहण समाप्त होने के बाद स्नान और शुद्धिकरण कर मंदिरों को पुनः खोला जाता है।
भारत का एकमात्र ग्रहण
उज्जैन की जीवाजी वैधशाला के अधीक्षक राजेंद्र गुप्त ने बताया कि यह चंद्र ग्रहण न केवल भारत में बल्कि एशिया, अंटार्कटिका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और पश्चिमी प्रशांत महासागर में भी दिखाई देगा। वर्ष 2025 में भारत में दिखाई देने वाला यह एकमात्र चंद्र ग्रहण है। इसके बाद 21 सितंबर को सूर्य ग्रहण होगा, जो भारत में दिखाई नहीं देगा।
सूतक और ग्रहण के समय क्या करें
सूतक और ग्रहण के दौरान पूजा-पाठ तो नहीं करना चाहिए, लेकिन मानसिक मंत्र-जप और ध्यान करना शुभ माना गया है। इस समय में जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, जूते-चप्पल, कंबल आदि का दान करना भी विशेष पुण्यदायी माना जाता है।
