बसना(जीतयादव)।घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन वर्तमान स्थिति में आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।
महंगाई से आम जनता परेशान, गैस सिलेंडर और बिजली बिल में तुरंत राहत दे सरकार।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर डाला है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों के लिए अब रसोई चलाना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां गैस सिलेंडर की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर बिजली बिल भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी की आय में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हो रही है, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में सबसे ज्यादा परेशानी गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को उठानी पड़ रही है। खासकर महिलाओं को घर का खर्च चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने मांग करते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की जाए और बिजली बिल में भी राहत दी जाए, ताकि आम लोगों को महंगाई से कुछ राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया, तो आने वाले समय में जनता इसका जवाब जरूर देगी।



