बसना(जीतयादव)।भंवरपुर थाना क्षेत्र के मुड़ीडीह गांव में एक तालाब किनारे इमली के पेड़ पर प्रेमी युगल के फांसी पर लटके शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सलिहा की प्रिया नाग और मुड़ीडीह के सूरज सेन ने दी जान, युवती के पिता ने शव लेने से किया इनकार।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुड़ीडीह निवासी सूरज सेन (28) हार्वेस्टर चलाने का काम करता था। वह शादीशुदा था और उसका तीन साल का एक बेटा भी है। करीब चार महीने पहले उसकी पहचान प्रिया नाग (20-21 वर्ष), निवासी सलिहा थाना बिलाईगढ़ से हुई थी। प्रिया नाग कॉलेज की छात्रा बताई जा रही है। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने पर परिवारों ने इसका विरोध किया था।

बताया जा रहा है कि 25 मार्च को दोनों अपने-अपने घर से निकल गए थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव के कुछ ग्रामीणों ने सुखरी डबरी के पास इमली के पेड़ पर दोनों को फांसी के फंदे से लटका देखा। युवती ने दुपट्टे और युवक ने गमछे से फंदा बनाया था। ग्रामीणों की सूचना पर भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने दोनों परिवारों को पहचान के लिए बुलाया। युवती के पिता ने शव की पहचान करने के बाद उसे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने युवती का अंतिम संस्कार करवाया।मामले में पुलिस को युवक की पैंट की जेब से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। 25 मार्च से 29 मार्च के बीच दोनों कहां रहे, इस बारे में पुलिस जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक तनाव के कारण आत्महत्या का माना जा रहा है।



