जशपुर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज मामला: बॉयफ्रेंड ने की गर्लफ्रेंड की हत्या, फिर खुद फांसी लगाई
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेमी जोड़े की लाश मिली। युवक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि युवती का शव पेड़ के नीचे पाया गया।
क्या है पूरा मामला?
घटना कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र की है।
युवक की पहचान चूड़ा मणि पैंकरा (24), निवासी टांगर गांव और युवती की पहचान संदीला पैंकरा (24), निवासी माटीपहाड़छर्रा के रूप में हुई।
दोनों 16 सितंबर की रात से लापता थे।
घटना से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर कई इमोशनल पोस्ट किए, जिसमें गर्लफ्रेंड के धोखा देने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया पर लिखी आखिरी बातें
युवक चूड़ा मणि ने लिखा–
“संदीला मुझसे चीट कर रही थी, इसलिए मुझे ये कदम उठाना पड़ा।”
“सब छीनना चाहते थे मेरी प्रेमिका को, आज मैंने सबसे छीन लिया, हम दोनों को।”
“आज मेरी मौत होगी।”
शव मिलने से मचा हड़कंप
17 सितंबर की सुबह खोजबीन के दौरान गांव के गोठान के पास युवती का शव पेड़ के नीचे मिला।
वहीं, युवक का शव पास ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही कोल्हेनझरिया पुलिस चौकी और तुमला थाना की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कैसे शुरू हुआ था प्रेम संबंध?
जांच में सामने आया कि मृतक चूड़ा मणि अपने रिश्तेदारों से मिलने माटीपहाड़छर्रा गांव आता-जाता था। इसी दौरान उसका संदीला से परिचय हुआ और दोनों के बीच प्रेम संबंध बने।
ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, हाल ही में दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
पुलिस की जांच जारी
आशंका है कि युवक ने विवाद के बाद पहले गर्लफ्रेंड की हत्या की और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
इस मामले में SSP शशि मोहन सिंह ने बताया –
“प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग में हत्या और आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई स्पष्ट होगी।”



