सीमांकन के दौरान दो पक्षों में विवाद, जमकर मारपीट — एक युवक गंभीर रूप से घायल, दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज
बसना । सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहरीन डोंगरी में शुक्रवार सुबह जमीन सीमांकन के दौरान दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, हेमंत पटेल और धनुर्जय, बसंत व सुरेश पटेल के बीच पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों ने इस संबंध में राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। इसी सिलसिले में शुक्रवार सुबह पटवारी राजेन्द्र डोंगरे और आरआई टीम मौके पर सीमांकन कार्य के लिए पहुँची थी।
सीमांकन के दौरान कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि धनुर्जय, बसंत और सुरेश पटेल ने मिलकर हेमंत पटेल की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
विवाद के दौरान पटवारी राजेन्द्र डोंगरे के साथ भी हाथापाई हुई, जिसके चलते सरकारी कार्य में बाधा डालने की धारा में भी मामला दर्ज किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी संघ के पदाधिकारी थाना पहुँचे और पुलिस कार्यवाही पर सवाल उठाए।
फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है। क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।



