पिथौरा। वन परिक्षेत्र अंतर्गत सांकरा वृत के ग्राम बड़ेटेमरी में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने तेंदुआ को घूमते हुए देखा। यह घटना शाम करीब 5 से 5.30 बजे के बीच की बताई जा रही है। अचानक तेंदुए के दिखाई देने से ग्रामीणों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खेत में अचानक दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में भय का माहौल।
ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए तत्काल इसकी सूचना वन परिक्षेत्राधिकारी को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग ने एहतियातन ग्रामीणों को रात के समय अकेले बाहर न निकलने, खेतों की ओर जाने से बचने और बच्चों पर विशेष नजर रखने की सलाह दी है।

सुरक्षा को देखते हुए बड़ेटेमरी के साथ-साथ बेजेमाल, बिजराभाठा, लाटादादर, सांकरा और लोहरीडोंगरी सहित आसपास के गांवों में भी मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया। मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी दी गई और सावधानी बरतने की अपील की गई।

स्थानीय वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री शालिक राम डड़सेना ने बताया कि यह वही तेंदुआ हो सकता है, जिसे कुछ दिन पहले बसना क्षेत्र के बंसुला गांव में देखा गया था। उन्होंने बताया कि वन विभाग लगातार तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों में खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को लेकर चिंता देखी जा रही है। खेतों में काम करने वाले किसानों ने भी सुरक्षा की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घबराएं नहीं, झुंड में रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें।
तेंदुए की मौजूदगी ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती को सामने ला दिया है, जिससे ग्रामीणों में सतर्कता के साथ भय का माहौल बना हुआ है।



