गढ़पटनी शाला में स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ
गढ़पटनी । शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में आज मंगलवार को स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जहां प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने स्वच्छता का महत्व बताते हुए सभी बच्चों को स्वच्छ रहने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर 72 विद्यार्थी शामिल हुए। बच्चों ने गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, प्लास्टिक का कम उपयोग और खुले में शौच से होने वाली बीमारियों से बचाव संबंधी जानकारी प्राप्त की। विद्यालय परिसर, कक्षाओं और आसपास की गलियों में विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाया।
बच्चों ने नारे लगाए – “स्वच्छ विद्यालय, स्वस्थ भारत” और “जहां साफ-सफाई, वहां खुशहाली”। शिक्षक दल ने पोस्टर और स्लोगन बनाने के लिए बच्चों को प्रेरित किया। पखवाड़े के दौरान रैली, चित्रकला, निबंध और जागरूकता गीत जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर शिक्षक लगन नाग, श्रीमती खीरवंती भोई, गंगाराम कैवर्त और विधुमति कर सहित अन्य उपस्थित रहे। अंत में सभी ने संकल्प लिया कि स्वच्छता केवल दो सप्ताह का अभियान नहीं, बल्कि जीवन का स्थायी हिस्सा बने।



