महासमुंद(जीतयादव)।टेमरी नाका में वाहन चेकिंग के दौरान कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 75 लाख रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस ने कार में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर नकदी सहित वाहन को जब्त कर लिया।
वैध दस्तावेज नहीं दिखाने पर पुलिस ने होंडा कार, मोबाइल और नकदी समेत 85.10 लाख की संपत्ति जब्त की।
जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 को टेमरी नाका में पुलिस द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान खरियार रोड (ओडिशा) की ओर से आ रही सफेद रंग की होंडा कार क्रमांक ओडी 05 पीबी 2122 को रोककर जांच की गई। कार चालक ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27 वर्ष) निवासी मुण्डापला, थाना बेलपला जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया, जबकि उसके पास बैठे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47 वर्ष) निवासी वार्ड 02 डेली मार्केट, कांटाबांजी जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया।
पुलिस ने होंडा कार की तलाशी ली तो बीच की सीट पर रखे एक नीले रंग के बैग में 500-500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में 100 नोट थे, जिनकी कुल राशि 75 लाख रुपये निकली। पूछताछ में महाप्रज्ञ जैन ने बताया कि यह रकम सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित है और इसे कांटाबांजी से रायपुर स्थित मनोहर मका एंड कंपनी तथा 60 ज्वेलर्स को देने के लिए ले जाया जा रहा था।
हालांकि, पुलिस द्वारा धारा 94 बीएनएसएस के तहत वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन संबंधित व्यक्ति कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये नकद, एक होंडा कार और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत 85 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। मामले की आगे की जांच जारी है और नकदी के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है।



