महासमुंद(जीतयादव)।छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस द्वारा जिला महासमुंद के विभिन्न विकासखंडों में नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा किए जाने पर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने सभी नव-नियुक्त पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
किसान कांग्रेस की भूमिका को बताया और भी महत्वपूर्ण
इस अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि किसान कांग्रेस हमेशा से किसानों की आवाज़ बनकर उनके हक़ और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। संगठन द्वारा जिन साथियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसान खाद, बीज, बिजली, पानी, समर्थन मूल्य और धान खरीदी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे हालात में किसान कांग्रेस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। संगठन किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार सक्रिय रहेगा।

मोक्ष कुमार प्रधान ने आगे कहा कि आने वाले समय में किसान कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएगी और जरूरत पड़ी तो सड़कों से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नव-नियुक्त पदाधिकारी किसानों की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और संगठन को नई दिशा प्रदान करेंगे।




