बसना(जीतयादव)।समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के शिक्षक रेखराम पटेल को राज्य स्तरीय कर्मवीर रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रायपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
वृंदावन हॉल में आयोजित समारोह में शिक्षा और सामाजिक सेवा के लिए कर्मवीर रत्न सम्मान से किया गया सम्मानित।
जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को रायपुर के वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए उत्कृष्ट शिक्षकों, समाजसेवियों और कलाकारों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान रेखराम पटेल को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और सामाजिक सेवा के लिए कर्मवीर रत्न सम्मान से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर उन्हें शॉल, प्रशस्ति पत्र और सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में विलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे और मोना सेन की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, साथियों और शुभचिंतकों ने रेखराम पटेल को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक और रचनात्मक कार्य करने वाले व्यक्तियों के लिए एक प्रेरणादायक मंच के रूप में भी सामने आया।



