रायपुर | राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। कचना ओवरब्रिज से कचना चौक तक करीब 4.75 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण कार्य को जनवरी 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह कार्य करीब 11 करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बारिश से पहले सड़क के दोनों किनारों पर गिट्टी बिछाने का कार्य पूरा कर लिया था, लेकिन लगातार हुई बारिश के कारण डामरीकरण का काम रोकना पड़ा था। अब मौसम सुधरने के साथ ही इस सप्ताह से डामरीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।
वर्तमान में यह सड़क टू-लेन है, जिससे रोजाना कचना से विधानसभा, मोवा और सड्डू की ओर जाने वाले हजारों वाहनों को जाम का सामना करना पड़ता है। सड़क के फोर-लेन बनने से इन इलाकों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात सुगम हो जाएगा।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार, पहले योजना कचना से ब्रम्हकुमारीज आश्रम, सड्डू तक चौड़ीकरण की थी, लेकिन बीच के हिस्से में निजी भूमि होने के कारण भू-अधिग्रहण की समस्या आई। इसलिए फिलहाल कचना ओवरब्रिज से कचना चौक तक के हिस्से में ही चौड़ीकरण किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर नालियों और स्ट्रीट लाइटों की स्थापना भी की जाएगी।
इस परियोजना से कचना क्षेत्र के आसपास बसे वीआईपी स्टेट, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, पिरदा बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर जैसे इलाकों की लगभग ढाई लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या खत्म होगी, बल्कि आवागमन का समय भी कम होगा। बढ़ती आबादी और नई कॉलोनियों को देखते हुए यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



