महासमुंद। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खमतराई, सिरपुर में आयोजित जय वन देवी महामाया कबड्डी प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सृष्टि ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे खिलाड़ियों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कबड्डी प्रतियोगिता समापन के अवसर पर अतिथि के रूप में शामिल हुईं सृष्टि ध्रुव।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सृष्टि ध्रुव ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों को इनाम व पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल न केवल शारीरिक मजबूती प्रदान करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने दमखम, रणनीति और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

मुख्य अतिथि सृष्टि ध्रुव ने अपने संबोधन में आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे और गलत मार्ग से दूर रखकर खेल एवं स्वास्थ्य की ओर प्रेरित करती हैं। उन्होंने युवाओं से खेल को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।

समापन समारोह में ग्राम के गणमान्य नागरिक, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। सभी ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों की निरंतरता की कामना की।




