बसना। बसना ब्लॉक के ग्राम गुढयारी में रास पूर्णिमा के शुभ अवसर पर एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने पारंपरिक विधि से दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएँ न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाती हैं, बल्कि समाज में एकता, अनुशासन और सहयोग की भावना भी पैदा करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन असली जीत खेल भावना में निहित होती है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुशील दीवान, करुण कुमार दाऊ, बंशीधर चौधरी, उमाशंकर नायक, मुरलीधर पटेल, मेहर सिंह दाऊ, छवि दास मानिकपुरी, बद्रीनाथ दीवान, सरोज जगत, सरपंच श्रीकांत पटेल, सरपंच संघ अध्यक्ष लखन पटेल, जनपद सदस्य नरेश पटेल, एवं पूर्व जनपद सदस्य रवि कश्यप सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खेल के दौरान अपने कौशल, फुर्ती और टीम भावना से दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान द्वारा पुरस्कृत किया गया। उन्होंने आयोजक मंडल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
ग्राम गुढयारी में आयोजित यह प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई और समापन के साथ पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।



