अंतर्राजीय कबड्डी प्रतियोगिता में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान
बसना।ग्राम परसकोल में MSCT द्वारा आयोजित अंतर्राजीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य और उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से आत्मीयता पूर्वक परिचय प्राप्त किया और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

यह प्रतियोगिता 14 से 16 नवंबर 2025 तक चलेगी, जिसमें छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्यों की विभिन्न टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन समिति ने विजेता टीमों के लिए 40,000 रुपये प्रथम, 25,000 रुपये द्वितीय, 15,000 रुपये तृतीय और 10,000 रुपये चतुर्थ पुरस्कार के साथ-साथ स्थानीय टीमों हेतु विशेष पुरस्कार भी निर्धारित किए हैं।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों की अपार संभावनाएँ हैं और ऐसे आयोजन युवाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे जोश और निष्पक्षता के साथ खेल खेलने की सलाह दी।

कार्यक्रम की शुरुआत ढोल-नगाड़ों और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच हुई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और बच्चे मैदान में उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने पूरे माहौल को रोमांचक बना दिया। आने वाले तीन दिनों तक क्षेत्र में खेल का ज्वर छाया रहने की उम्मीद है।




