महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना महासमुंद पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मोहरीभाठा क्षेत्र में जुआ फड़ पर रेड मारते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 61 हजार 950 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
मोहरीभाठा में ताश से जुआ खेलते पकड़े गए आरोपी, नकदी और दो बाइक सहित 1.51 लाख की जब्ती।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोहरीभाठा आम रास्ता, कमल चन्द्राकर के घर के पास कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों और स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की।

रेड के दौरान पुलिस ने मौके से पांच जुआरियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान हेमंत निषाद (32 वर्ष) निवासी लाफिनखुर्द, सोहन साहू (44 वर्ष) निवासी ग्राम शेर, रोशन लाल साहू (44 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 7 नयापारा महासमुंद, राजेश चन्द्राकर (48 वर्ष) और कमल चन्द्राकर (46 वर्ष) निवासी मोहरीभाठा महासमुंद के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 61,950 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और दो मोटरसाइकिल बरामद की। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 लाख 51 हजार 950 रुपये बताई गई है।

इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। इसके साथ ही ऐसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
![]()
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।यह पूरी कार्रवाई थाना महासमुंद पुलिस और साइबर थाना स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई।



